अपराध
गश्त के दौरान काल बना सड़क पर घूमता बैल, बाइक सवार कांस्टेबल की मौत
गश्त के दौरान काल बना सड़क पर घूमता बैल, बाइक सवार कांस्टेबल की मौत
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान उनकी बाइक अचानक सड़क पर घूम रहे एक बैल से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को पुलिसकर्मी तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2009 बैच के कांस्टेबल भुवन आर्या (41) पुत्र मनीराम, निवासी मित्रपुरम, जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, हल्द्वानी, ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात थे। शुक्रवार रात वह बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास अचानक सड़क पर आए बैल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भुवन आर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में बैल का सींग उनके सीने के पास लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
हादसे की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी।
भुवन आर्या की मौत की खबर मिलते ही उनके पिता मनीराम, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार में कोहराम मच गया। तीन भाइयों में बीच के भुवन आर्या अपने पीछे पत्नी और सात वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत से पुलिस विभाग में भी शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

