उत्तराखण्ड
नैनीताल समेत चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे सतर्क रहने की सलाह
नैनीताल समेत चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे सतर्क रहने की सलाह
देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटे बेहद सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार नैनीताल, देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा कई स्थानों पर बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। लगातार तेज बारिश के कारण नदियों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोगों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
