उत्तराखण्ड
देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना पर CM धामी का संवेदनशील रुख, पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन का भरोसा जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पेड़ कटान फिलहाल स्थगित, हितधारकों से दोबारा संवाद के निर्देश
देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना पर CM धामी का संवेदनशील रुख, पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन का भरोसा, जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पेड़ कटान फिलहाल स्थगित, हितधारकों से दोबारा संवाद के निर्देश
देहरादून। देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन प्रकृति, पर्यावरण और स्थानीय लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की ओर से दिए जा रहे सुझावों और चिंताओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी पक्षों के साथ फिर से विस्तृत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण अवसंरचना योजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी संबंधित पक्षों के साथ संतोषजनक संवाद और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावनाओं, पर्यावरणीय हितों और प्रदेश के विकास को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है और विकास योजनाएं भी इसी संतुलित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाई जाएंगी।
