उत्तराखण्ड
नैनीताल नगर पालिका की बैठक में महाभारत : सभासद और ईओ के बीच तीखी बहस, अध्यक्ष के सामने बिगड़े हालात
नैनीताल नगर पालिका की बैठक में महाभारत : सभासद और ईओ के बीच तीखी बहस, अध्यक्ष के सामने बिगड़े हालात
नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल की बैठक के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब सभासद जितेंद्र पांडे और पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहिताश शर्मा के बीच जमकर बहस हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई तीखी नोकझोंक से बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान अधिशासी अधिकारी शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका को लगातार अलग-अलग माध्यमों से दबाव में लेने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने यहां तक कहा कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) समेत अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर उन्हें और पालिका प्रशासन को लगातार परेशान किया जा रहा है।
बैठक में विवाद बढ़ने के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल भी मौजूद थीं। हालांकि, काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बीच वह स्थिति को संभाल नहीं पाईं और पूरे मामले को देखती रहीं। बैठक में मौजूद अन्य लोग भी इस तीखी बहस के गवाह बने।
काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद अधिशासी अधिकारी अपने स्टाफ के साथ बैठक स्थल से बाहर निकल गए। इसके बाद पालिका अध्यक्ष ने बैठक समाप्त करने की घोषणा कर दी।
फिलहाल विवाद की असली वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और साफ हो सकेगी।
