अपराध
कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने की कोशिश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; अवैध तमंचा बरामद
कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने की कोशिश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; अवैध तमंचा बरामद
कालाढूंगी क्षेत्र में हत्या के प्रयास का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे चकलुवा क्षेत्र की है। लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपने एक साथी के साथ नई कार से पहाड़ी ढाबे में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा वहां पहुंचा और जान से मारने की नीयत से अपने ट्रैक्टर से हिमांशु की कार पर बार-बार टक्कर मार दी। इस हमले में हिमांशु और उनका साथी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में FIR संख्या 29/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों का गठन किया गया, जबकि उत्तराखंड पुलिस की फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए भेजा गया।
सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल को आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को नैनीताल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ एक अवैध 315 बोर तमंचा भी बरामद किया है। अवैध असलहा रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से खनन सामग्री को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इस पूरे मामले में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, एसआई राजेश जोशी, एसआई राजवीर नेगी, एसआई पूजा रानी, एएसआई कैलाश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल अमनदीप, किशन गोस्वामी, अखिलेश तिवारी और अरविंद बिष्ट की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक ओर आरोपी को जल्द पकड़ लिया गया, वहीं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
