उत्तराखण्ड
Pride of Hills” योजना से उत्तराखंड को बड़ी सौगात, 3460 करोड़ का अतिरिक्त आवंटन
“Pride of Hills” योजना से उत्तराखंड को बड़ी सौगात, 3460 करोड़ का अतिरिक्त आवंटन
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी Special Assistance to States for Capital Investment (SASCI) गाइडलाइंस में उत्तराखंड को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। इस बार की गाइडलाइंस में खास तौर पर पर्वतीय राज्यों के लिए “Pride of Hills” नाम से एक नया प्रावधान जोड़ा गया है, जिसके तहत उत्तराखंड को विशेष वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इस नई पहल के तहत उत्तराखंड को 3460 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन मिलेगा। यह राशि राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विकास परियोजनाओं को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक चुनौतियों को देखते हुए यह प्रावधान राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 765 करोड़ रुपये की अनटाइड फंड्स भी उपलब्ध कराई हैं। इन फंड्स की खासियत यह है कि राज्य सरकार इन्हें अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार विभिन्न विकास योजनाओं में खर्च कर सकती है, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर समर्थन से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। धामी ने विश्वास जताया कि इस अतिरिक्त वित्तीय सहायता से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
सरकार का मानना है कि “Pride of Hills” जैसे विशेष प्रावधान से न केवल उत्तराखंड बल्कि अन्य पर्वतीय राज्यों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने में मदद मिलेगी।
