राजनीति
25 साल का इंतजार खत्म: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, पीएम मोदी ने दी विकास को नई उड़ान
25 साल का इंतजार खत्म: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, पीएम मोदी ने दी विकास को नई उड़ान
नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया। करीब 25 वर्षों से देखे जा रहे नोएडा के हवाई कनेक्टिविटी के सपने को आज आखिरकार साकार रूप मिल गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने इसे “नए भारत के नए मिजाज” का प्रतीक बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि विकास और प्रगति का मजबूत आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में जहां केवल 74 एयरपोर्ट थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है, जिससे छोटे शहरों तक भी हवाई सेवाएं पहुंच रही हैं।
पीएम मोदी ने विपक्ष और पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हवाई यात्रा को केवल अमीरों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब आम भारतीय के लिए भी हवाई सफर सुलभ बनाया गया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मुख्यमंत्री नोएडा आने से भी डरते थे और इस क्षेत्र को नजरअंदाज किया गया, जबकि आज यही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख इंजन बन रहा है।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट “डबल इंजन सरकार” की कार्यशैली का उदाहरण है और यह पूरे उत्तर भारत को वैश्विक कनेक्टिविटी से जोड़ेगा। पीएम के मुताबिक, भविष्य में यहां से हर दो मिनट में एक विमान उड़ान भरने की क्षमता विकसित की जा रही है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और उससे पैदा हुए ऊर्जा संकट की भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत इस चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम परिवारों और किसानों पर इसका बोझ न पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ ही हफ्तों में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का विस्तार शामिल हैं। इन सबके बीच जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
पीएम मोदी ने इस एयरपोर्ट को “जनता की अमानत” बताते हुए कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलवाकर प्रतीकात्मक रूप से उद्घाटन में सहभागी बनाया।
वहीं, योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे बड़े शहरों के लिए भी फायदेमंद साबित होगा। इससे क्षेत्र के किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
