अपराध
उत्तराखंड में 12 ASP के तबादले, कई जिलों में बदले पुलिस अफसरों के दायित्व
देहरादून। गृह विभाग ने सोमवार को उत्तराखंड पुलिस के 12 अपर पुलिस अधीक्षकों (ASP) के तबादले करते हुए कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। तबादलों के तहत देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर समेत अन्य स्थानों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
देहरादून के नए ASP सिटी शेखर चंद्र सुयाल बनाए गए हैं। सुयाल इससे पहले हरिद्वार में ASP देहात की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं अब तक ASP सिटी देहरादून रहे प्रमोद कुमार को ASP सिटी रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
ASP पंकज गैरोलिया के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुए ASP देहात-2 (विकासनगर) के पद का अतिरिक्त प्रभार ASP स्वतंत्र कुमार सिंह को सौंपा गया है।
तबादला सूची में ASP मनोज कत्याल को हल्द्वानी से हटाकर 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है। वहीं ASP उत्तम सिंह नेगी को विजिलेंस में देहरादून सेक्टर का ASP बनाया गया है।
ASP हरवंश सिंह का अल्मोड़ा से तबादला कर उन्हें हल्द्वानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह ASP अनूप बडोला को एटीसी हरिद्वार से ASP क्राइम ऊधमसिंहनगर भेजा गया है। ASP अमित कुमार को टिहरी भेजा गया है। उनके पास अब तक ASP सिटी नैनीताल की जिम्मेदारी थी।
इसके अलावा ASP राजेश कुमार भट्ट का हाईकोर्ट विजिलेंस से तबादला कर पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। उनके स्थान पर ASP मिथिलेश कुमार सिंह को हाईकोर्ट विजिलेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिंह इससे पहले 31वीं वाहिनी पीएसी में डिप्टी कमांडेंट थे।
तबादलों के बाद अभय सिंह को ASP देहात हरिद्वार और दीपक सिंह को ASP सिटी हरिद्वार बनाया गया है।
गृह विभाग के इस फेरबदल को आगामी दिनों में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

