उत्तराखण्ड
अजब गज़ब : हेलीकाप्टर को मय यात्रियों के उतरना था देहरादून, उतार दिया हल्द्वानी…
गरुड़ (बागेश्वर) में हेलीसेवा की एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जिसने यात्रियों की सुविधा को परेशानी में बदल दिया। मेलाडुंगरी हेलीपैड से देहरादून जाने के लिए सवार हुए सात यात्रियों को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय हेलीकॉप्टर हल्द्वानी ले जाया गया। इस अप्रत्याशित घटना से यात्रियों को पूरे दिन असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नियमित उड़ान के तहत हेलीकॉप्टर हल्द्वानी से मेलाडुंगरी पहुंचा था। वहां से देहरादून जाने के लिए सात यात्री सवार हुए, लेकिन कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर हल्द्वानी के गोलापार हेलीपैड पर उतर गया। जब यात्रियों को स्थिति का एहसास हुआ तो उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद दोपहर में उन्हें दोबारा गरुड़ लाया गया और फिर देहरादून के लिए रवाना किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों का काफी समय बर्बाद हुआ। जहां यह सफर सामान्यतः आधे घंटे में पूरा हो जाता है, वहीं इस गलती के कारण यात्रियों को पूरे दिन इंतजार करना पड़ा, जबकि उन्होंने सुविधा के नाम पर भारी किराया भी चुकाया था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया। नायब तहसीलदार भूपाल गिरी और राजस्व उपनिरीक्षक अजय साह मौके पर पहुंचे और हेलीसेवा संचालित करने वाली कंपनी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई।
वहीं, इस चूक को लेकर अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गलती किस स्तर पर हुई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने भी इस संबंध में कोई ठोस जानकारी देने से परहेज किया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।
