अपराध
खंडहर में युवती का शव मिलने से सनसनी, ड्रग्स ओवरडोज और हत्या दोनों एंगल पर जांच
रिस्पना किनारे खंडहर में युवती का शव मिलने से सनसनी, ड्रग्स ओवरडोज और हत्या दोनों एंगल पर जां
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके में रिस्पना नदी किनारे एक खंडहरनुमा मकान से 26 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया मौत का कारण ड्रग्स की ओवरडोज मान रही है, हालांकि शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर चूना भट्टा के पास एक खंडहर में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला थाना रायपुर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और वह लंबे समय से नशे की आदी थी। परिजनों के मुताबिक वह तीन बार नशा मुक्ति केंद्र भी जा चुकी थी। उसकी मां ने बताया कि उसे दोबारा हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी चल रही थी।
परिजनों ने बताया कि शिवानी पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं लौटी थी। वहीं, पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन युवती की आंख और पैर में चोट के निशान भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस हत्या की संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।