Connect with us

राजनीति

संशोधित: कांग्रेस समस्या तो भारतीय जनता पार्टी है समाधान, हल्द्वानी में कांग्रेस पर बरसे योगी आदित्यनाथ

खबर शेयर करें -

लोकसभा चुनाव के दौरान हल्द्वानी में आयोजित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में कांग्रेस को समस्याओं की जड़ बताते हुए योगी ने कहा कि समाधान का मतलब है भारतीय जनता पार्टी और समस्या कांग्रेस। योगी ने कहा कि देश के विभाजन से लेकर के अब तक कांग्रेस ने समस्या के अलावा हिंदुस्तान को और कुछ नहीं दिया। योगी यहां एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने योगी योगी के नारे लगाए।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली धरती है। यूपी के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं। देवभूमि के कंकड़ कंकड़ में शंकर है। उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है। आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार आदि सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है। मोदी के नेतृत्व में सभी समस्याओं का समाधान किया है। देश ने गौरव की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन उत्तराखंड में ही बिता। दूर दूर जाकर पानी लाना पड़ता था। आज हर घर नल की योजना के कारण 100 में से 90 घरों में पानी पहुंच गया है।

योगी ने कहा कि अयोध्या का विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया था। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट देकर कहा था कि राम और कृष्ण तो हुए ही नहीं। हमने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकार किया और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम को नई पहचान के साथ प्रस्तुत किया। यूपी में पहले बमबाजी होती थी। अब हर हर बम बम के उद्घोष के साथ कावड़ यात्रा निकलती है। यूपी में अपराधियों को गलतफहमी होती है कि यूपी में अपराध करके उत्तराखंड भाग जायेंगे। मैं उन्हें इस लायक छोडूंगा ही नहीं कि वो देवभूमि को अपवित्र कर सकें। विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय जातिवाद की राजनीति होती थी, अराजकता का राज होता था, तुष्टिकरण की राजनीति होती थी। आज जो परिवर्तन देखने को मिला है वो आपके वोट ने किया है। आज मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने योगी और धामी की तारीफों के पुल बांधे और कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इतिहास बना दिया है। भट्ट ने जमरानी बांध को मंजूरी मिलने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अगर में दोबारा सांसद में जाता हूं तो प्रदेश और क्षेत्र की नाक नीची नहीं होने दूंगा।

सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि योगी ने यूपी में जो कार्य किए हैं उनकी धमक देश दुनिया में हैं। आज सभी लोग उन्हें बुलडोजर बाबा के नाम से जानने लगे हैं। एक समय यूपी को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। अब यूपी उत्तम प्रदेश और उत्कृष्ट प्रदेश बन गया है। सीएम धामी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी भी हमें करनी है। हमने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया। नकल विरोधी कानून लागू किया, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्यवाही की, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून हम लेकर आए हैं। दंगे में हुए नुकसान की भरपाई दंगा करने वाले भरेंगे।

इससे पहले सभा स्थल पहुंचने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ को पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी पहनकर उनका स्वागत किया। जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट और पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने पटका पहनकर योगी जी का स्वागत किया। शहर के मेयर डॉक्टर जोगिंदर पाल सिंह रौतेला ने भी योगी जी का स्वागत किया। कार्यक्रम में लोकसभा प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि इस बार रिकार्ड मतों से वह चुनाव जीतने जा रहे हैं और मोदी जी का 400 पर का लक्ष्य तय है। प्रदेश के मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया एवं उनके साथ बंशीधर भगत विधायक कालाढूंगी ने भी योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। इस दौरान कृषि मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ अनिल कपूर डब्बू, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, पूर्व पालिका अध्यक्ष रेनू अधिकारी, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पालिका महेंद्र सिंह अधिकारी, मंडी परिषद उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष गजराज सिंह बिष्ट, मुख्यमंत्री के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी विजय बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, हल्द्वानी मंडी के पूर्व अध्यक्ष मनोज साह समेत तमाम लोग मौजूद थे।

Continue Reading

संपादक - कस्तूरी न्यूज़

More in राजनीति

Recent Posts

Facebook

Trending Posts

You cannot copy content of this page