Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी, एक हफ्ते की देरी से होगी दस्तक; प्री-मानसून बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत

 

उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी, एक हफ्ते की देरी से होगी दस्तक; प्री-मानसून बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के लिए लोगों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार प्रदेश में मानसून सामान्य समय से करीब सात से दस दिन की देरी से पहुंच सकता है। हालांकि, प्री-मानसून बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहेगा और मैदानी इलाकों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जून में अब तक तापमान सामान्य के आसपास रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने गर्मी के असर को कम किया है। हालांकि धूप निकलने पर कई जगहों पर गर्मी ने अपना असर भी दिखाया।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि उत्तराखंड में सामान्य तौर पर मानसून 25 जून के बाद सक्रिय होता है, लेकिन इस बार बंगाल की खाड़ी में अनुकूल मौसमी सिस्टम नहीं बनने से मानसूनी हवाओं की गति धीमी हुई है। इसका असर मानसून की रफ्तार पर पड़ा है।

उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश जारी रह सकती है। वहीं 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

देहरादून में तापमान में गिरावट

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक रहा। इससे पहले रविवार को तापमान 36.7 डिग्री तक पहुंच गया था। बादल छाए रहने से मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मानसून तैयारियों को लेकर विभागों को निर्देश

वहीं आगामी बरसात को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में मानसून से पहले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और जलभराव की समस्याओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल समस्या और जल निकासी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts