Connect with us

अपराध

देहरादून में जमीन घोटाले का खुलासा, कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी गिरफ्तार

 

देहरादून में जमीन घोटाले का खुलासा, कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी गिरफ्तार

देहरादून में जमीन बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरोह पहाड़ के लोगों, फौजियों और बाहर रहने वाले उत्तराखंड मूल के व्यक्तियों को सस्ते दामों में जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करता था।

 

 

इस मामले में मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी और उसका साथी अजय सजवाण पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस पूछताछ में प्रदीप सकलानी ने अमित भंडारी समेत कुछ अन्य लोगों के नाम बताए थे, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अमित भंडारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

 

मामला पिछले साल अक्टूबर का है, जब सहस्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने मालदेवता क्षेत्र की एक जमीन को अपनी बताकर 30 लाख रुपये में सौदा किया। बाद में जांच में पता चला कि जमीन से आरोपियों का कोई संबंध नहीं था। रकम वापस मांगने पर पीड़ित को दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।

 

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी पर पहले से 27 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से जमीनों में फर्जीवाड़ा कर लोगों को निशाना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह खासतौर पर पहाड़ी पृष्ठभूमि का भरोसा दिलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था और किसी अन्य की जमीन को अपनी बताकर मोटी रकम वसूलता था। मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts