others
वरिष्ठ नेता बंशीधर भगत समेत तमाम नेताओं से आशीर्वाद लिया गजराज सिंह बिष्ट ने
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी में महापौर के चुनाव के अधिकृत प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने टिकट के ऐलान के साथ ही सोमवार सुबह भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। श्री बिष्ट ने सबसे पहले सुबह कालु सिद्ध मंदिर जाकर भगवान से अपने लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेताओं से मुलाकात की।
सुबह करीब 9:30 बजे गजराज सिंह बिष्ट पूर्व मंत्री और वर्तमान में विधायक तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा बंशीधर भगत के आवास पर पहुंचे। श्री भगत के साथ एक आत्मीय मुलाकात में गजराज सिंह बिष्ट ने उन्हें बुके भेंट कर आशीर्वाद लिया। अपने चिर परिचित अंदाज में विधायक भगत ने गजराज सिंह बिष्ट को शुभकामनाएं दी और कहा कि पार्टी मिलकर हल्द्वानी महापौर के लिए पूरे शक्ति और जोश खरोश के साथ चुनाव लड़वाएगी। इस दौरान श्री भगत के पुत्र और भाजपा नेता विकास भगत भी मौजूद थे।
इससे पहले गजराज सिंह बिष्ट ने वर्तमान में सांसद अजय भट्ट से भी उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। आज नामांकन के अंतिम दिन गजराज सिंह बिष्ट ने सुबह-सुबह ही तूफानी दौरा कर नेताओं से आशीर्वाद लिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट के आवास पर भी गजराज का जाना हुआ।