उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में ‘फर्जी पीएस’ ठगी कांड: कांग्रेस में हड़कंप, गोदियाल बोले—मेरे खिलाफ रची गई सुनियोजित साजिश
उत्तराखंड में ‘फर्जी पीएस’ ठगी कांड: कांग्रेस में हड़कंप, गोदियाल बोले—मेरे खिलाफ रची गई सुनियोजित साजिश
उत्तराखंड में टिकट और पद दिलाने के नाम पर सामने आए ठगी प्रकरण ने कांग्रेस संगठन में हलचल मचा दी है। मामले में गणेश गोदियाल ने इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताते हुए साफ किया है कि पार्टी इस पूरे प्रकरण की तह तक जाएगी और दोषियों को बेनकाब करेगी।
दरअसल, महिला नेत्री भावना पांडे के आरोपों के बाद इस ठगी का खुलासा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को राहुल गांधी के पीएस “कनिष्क” के रूप में पेश किया। आरोपी ने पार्टी नेताओं से फोन पर संपर्क कर टिकट और पद दिलाने के नाम पर पैसों की मांग की। इतना ही नहीं, बातचीत रिकॉर्ड कर उसे अन्य कार्यकर्ताओं पर प्रभाव बनाने के लिए भी इस्तेमाल किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपों के बाद ठग ने सीधे गोदियाल से संपर्क कर समझौते का दबाव भी बनाया और पद से हटाने तक की धमकी दी। इस घटनाक्रम ने न केवल राज्य स्तर पर बल्कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक सवाल खड़े कर दिए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक नजर आए गोदियाल ने कहा कि पिछले डेढ़-दो महीने से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही थी, जिसकी जानकारी उन्हें कार्यकर्ताओं से मिल रही थी। उन्होंने कहा कि इन आरोपों ने उनके परिवार को भी मानसिक रूप से प्रभावित किया, लेकिन उन्हें भरोसा है कि सच सामने आएगा।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी इस मुद्दे के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए भाजपा में गए नेताओं की स्थिति पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ने वाले कई नेताओं को वहां अपेक्षित सम्मान नहीं मिला और अब वे हाशिये पर हैं।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस ठगी प्रकरण की जड़ तक जाकर साजिश का पूरा खुलासा करेगी और इसमें शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सार्वजनिक करेगी।
