उत्तराखण्ड
हल्द्वानी से निकलेगा भाजपा का अगला रोडमैप, भट्ट ने खोला ‘सेवा संकल्प’ का रास्ता
हल्द्वानी से निकलेगा भाजपा का अगला रोडमैप, भट्ट ने खोला ‘सेवा संकल्प’ का रास्ता
9 सितंबर की प्रदेश कार्यसमिति में संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन, 16 सितंबर से उत्तराखंड में शुरू होगा अभियान; 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन पर एक माह तक घर-घर पहुंचेगी भाजपा
हल्द्वानी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को हल्द्वानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
महेंद्र भट्ट के अनुसार उत्तराखंड में यह अभियान 16 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी संगठन के स्तर पर मंडल और बूथ तक कार्यक्रमों को पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन भी है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत एक दिन पहले करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती भी है। इस अवसर पर श्रमिकों, कारीगरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों के सम्मान एवं सेवा से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 9 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। प्रदेश कार्यसमिति में संगठन से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
महेंद्र भट्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय हुई है, जब हल्द्वानी का रामलीला मैदान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर राजनीतिक संघर्ष का केंद्र बना हुआ है। भट्ट लगातार इस मामले को भाजपा से जोड़ने से इनकार करते रहे हैं और कांग्रेस पर मुद्दाविहीन राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं। हालिया बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हार की आशंका से बौखलाई हुई है और समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।
इसी विवाद के बीच भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों के जवाब में सामाजिक समरसता और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को केंद्र में रखकर राजनीतिक कार्यक्रम भी शुरू किए हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस इस प्रकरण को दलित सम्मान और सामाजिक न्याय का मुद्दा बनाकर भाजपा पर हमलावर है। मामला अब जीरो एफआईआर तक पहुंच चुका है।
इसके बाद भाजपा का अगला बड़ा पड़ाव 16 और 17 सितंबर
हल्द्वानी भाजपा संभाग कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि हल्द्वानी की प्रदेश कार्यसमिति के बाद भाजपा का राजनीतिक फोकस सीधे 16 और 17 सितंबर पर जाएगा। 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन है, जबकि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है।
उत्तराखंड भाजपा ने मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को देशव्यापी कार्यक्रम से एक दिन पहले यानी 16 सितंबर से शुरू करने का फैसला किया है। यह अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन तथा उनके कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।
यानी भाजपा के लिए उत्तराखंड में 16 सितंबर धामी के जन्मदिन से शुरू होकर 17 सितंबर मोदी के जन्मदिन तक पहुंचने वाली लगातार दो दिन की राजनीतिक टाइमिंग है। संगठन इस दौरान सेवा, सुशासन और जनकल्याण को राजनीतिक संदेश के रूप में जनता तक ले जाने की तैयारी कर रहा है।
मोदी के 25 साल को चुनावी नैरेटिव से जोड़ने की तैयारी
17 सितंबर को शुरू होने वाला अभियान केवल जन्मदिन समारोह तक सीमित नहीं रहेगा। भाजपा के कार्यक्रम का एक बड़ा हिस्सा मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को जनता तक पहुंचाने पर केंद्रित है। उत्तराखंड में पार्टी इसे घर-घर तक ले जाने की तैयारी कर रही है।
इसके लिए सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तावित है। हल्द्वानी के मंडल स्तर तक भी बूथ सशक्तीकरण और सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
कार्यसमिति से अभियान तक एक ही संदेश
राजनीतिक तौर पर देखें तो भाजपा के कार्यक्रमों की यह श्रृंखला अलग-अलग घटनाएं नहीं लगती। नौ सितंबर की प्रदेश कार्यसमिति में संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा, उसके बाद 16 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान और 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से इसका व्यापक विस्तार—यह पूरी कवायद भाजपा को सरकार के काम, संगठन की ताकत और मोदी के नेतृत्व को एक ही राजनीतिक संदेश में पिरोने की दिशा में जाती दिखती है।
खास बात यह है कि यह पूरी कवायद उत्तराखंड में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हो रही है। भाजपा पहले ही लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य सार्वजनिक रूप से रख चुकी है। ऐसे में हल्द्वानी की बैठक से लेकर अक्टूबर तक चलने वाला सेवा अभियान संगठन के लिए जनता के बीच अपनी उपलब्धियां और सरकार के काम पहुंचाने का बड़ा अवसर भी है।
हल्द्वानी की बैठक इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती है कि यहां से भाजपा अगले चरण की राजनीतिक पटकथा को संगठनात्मक मंजूरी और दिशा दे सकती है। इसके बाद 16-17 सितंबर के दो दिन उस पटकथा को सीधे जनता के बीच ले जाने का माध्यम बनेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष की प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, सोशल मीडिया प्रभारी नितिन राणा, प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार समेत तमाम नेता मौजूद थे

