अपराध
बड़ी खबर उत्तराखंड : थाने में कस्टडी के दौरान PRD जवान की मौत, आत्महत्या की आशंका से मचा हड़कंप
बड़ी खबर: थाने में कस्टडी के दौरान PRD जवान की मौत, आत्महत्या की आशंका से मचा हड़कंप
देहरादून के रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हवालात के भीतर कंबल का फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर पुलिस को लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसे थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
थाने लाए जाने के बाद आरोपी ने हंगामा करना शुरू कर दिया, जिस पर पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया। कुछ समय बाद वह हवालात के भीतर संदिग्ध अवस्था में पाया गया। स्थिति गंभीर देख पुलिसकर्मी उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हवालात के अंदर हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन में हलचल मचा दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।