अपराध
बड़ी खबर : उत्तराखंड के इस जिले में चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी को एसएसपी ने किया सस्पेंड… गंभीर लापरवाही का यह रहा मामला
ऋषिकेश। आईडीपीएल क्षेत्र में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान एक पार्षद सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी महिलाएं बाहर से बुलाई गई थीं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल नवरंग में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है और शराब पार्टी आयोजित की गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात होटल में छापा मारा। मौके पर जुए के लिए टेबलें सजी हुई थीं और शराब पार्टी चल रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में महंगी शराब, जुए से संबंधित सामग्री और करीब 1,37,600 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में सामने आया कि दिल्ली से युवतियों को बुलाकर बार डांसर के रूप में प्रदर्शन कराया जा रहा था, साथ ही उनसे मेहमानों को खाना और शराब परोसने का काम भी लिया जा रहा था।
मामले में होटल स्वामी जगदीश कंडवाल, निवासी श्यामपुर, फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार लोगों में कोटद्वार, टिहरी गढ़वाल, नई दिल्ली, मेरठ, फरीदाबाद और नोएडा के लोग भी शामिल हैं।
चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी निलंबित
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित चौकी प्रभारी सहित चौकी के सभी 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई लापरवाही और अवैध गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद उचित कदम न उठाने के आरोप में की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।