उत्तराखण्ड
बड़ी खबर : हल्द्वानी सर्किट हाउस का होगा विस्तार, गेस्ट हाउस और गोदाम में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष
बड़ी खबर : हल्द्वानी सर्किट हाउस का होगा विस्तार, गेस्ट हाउस और गोदाम में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सर्किट हाउस के गेस्ट हाउस एवं गोदाम के विस्तारीकरण के तहत प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की योजना को शासन स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सरकारी संपत्तियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सरकारी धन के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य संपत्ति विभाग से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की।
हल्द्वानी सर्किट हाउस के गेस्ट हाउस एवं गोदाम के विस्तारीकरण के तहत प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की योजना को लेकर आयोजित बैठक में संबंधित कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के बाद सचिव ने अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी को संबंधित व्यवस्थाधिकारी के साथ संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौके की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के बाद आवश्यकताओं के अनुरूप आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण पर समयबद्ध तरीके से अग्रेतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, जिससे हल्द्वानी सर्किट हाउस में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार का कार्य जल्द आगे बढ़ सके।
समीक्षा बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी श्री अभिषेक रूहेला, संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र सिंह रावत तथा लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता श्री प्रत्यूष कुमार उपस्थित रहे।
टिहरी हाउस में बनेंगे 28 बहुमंजिला आवास
राज्य संपत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन देहरादून के राजपुर रोड स्थित टिहरी हाउस परिसर में श्रेणी-5 के 28 आवासों के बहुमंजिला निर्माण की योजना को लेकर विभागीय व्यय वित्त समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में योजना के विस्तृत आगणन और प्रस्तावित निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। योजना की अनुशंसित लागत 4391.14 लाख रुपये निर्धारित की गई है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, देहरादून की ओर से कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया।
प्रस्तुतीकरण के बाद सचिव ने निर्माण लागत को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रति वर्ग मीटर निर्माण लागत को न्यूनतम संभव स्तर पर रखा जाए, ताकि सरकारी धन का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने प्रस्तावित आवासों के निर्माण में केवल उत्कृष्ट श्रेणी की निर्माण सामग्री का प्रयोग करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री के स्पेसिफिकेशन स्पष्ट रूप से निर्धारित करने और ठेकेदार के चयन के बाद सामग्री की गुणवत्ता व निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
सचिव ने कार्ययोजना में आवश्यक डिजाइन संशोधन के भी निर्देश दिए। इसके तहत कैंप कार्यालय के क्षेत्रफल को कम करने और कैंप अटेंडेंट एरिया का क्षेत्रफल बढ़ाने को कहा गया। उन्होंने सभी सुझावों और संशोधनों को शामिल करते हुए संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर जल्द शासन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि योजना को आगे बढ़ाने में अनावश्यक देरी न हो।
वाशी स्थित राज्य अतिथि गृह की भी समीक्षा
नवी मुंबई के वाशी स्थित राज्य अतिथि गृह की अद्यतन स्थिति को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी श्री अभिषेक रूहेला, संयुक्त सचिव श्री सुरेंद्र सिंह रावत तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री नीरज कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे। सचिव ने अधिकारियों से राज्य अतिथि गृह की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इन सभी योजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता, लागत नियंत्रण और सरकारी धन के विवेकपूर्ण उपयोग को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
