उत्तराखण्ड
बिग ब्रेकिंग: राम सिंह कैड़ा बने कैबिनेट मंत्री पांच नए मंत्रियों ने शपथ ली, उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार
देहरादून: पुष्कर सिंह धामी सरकार ने लंबे इंतजार के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। नवरात्रि के शुभ अवसर पर हुए इस विस्तार में पांच नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस विस्तार में खजान दास, प्रदीप बत्रा (राज्य मंत्री), राम सिंह कैड़ा, मदन कौशिक और भरत चौधरी को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इन नेताओं को शामिल कर धामी सरकार ने क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। खासतौर पर कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, मंत्रियों के चयन में उनके पिछले कार्यकाल, संगठन में सक्रियता और जनाधार को प्रमुख आधार बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने ऐसे चेहरों को मौका देने की रणनीति अपनाई है जो आगामी चुनावों में संगठन को मजबूती दे सकें। मदन कौशिक और खजान दास जैसे अनुभवी नेताओं के साथ-साथ अन्य विधायकों को शामिल कर अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।
धामी सरकार के इस फैसले को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। विस्तार के जरिए सरकार ने साफ संकेत दिया है कि वह संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ना चाहती है।
माना जा रहा है कि इस नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद सरकार की कार्यक्षमता में तेजी आएगी और विकास योजनाओं को और गति मिलेगी। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नए मंत्री अपने-अपने विभागों में किस तरह प्रदर्शन करते हैं और जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।