उत्तराखण्ड
सीएम से लगाई गुहार, कुछ ही घंटों में मिला सहारा; शाम तक घर पहुंची सिलाई मशीन, ज्ञापन मिलते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई, जूट बैग बनाकर स्वरोजगार की राह हुई आसान
सीएम से लगाई गुहार, कुछ ही घंटों में मिला सहारा; शाम तक घर पहुंची सिलाई मशीन, ज्ञापन मिलते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई, जूट बैग बनाकर स्वरोजगार की राह हुई आसान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की त्वरित कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। सहसपुर में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री ने जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं कर पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से उसी शाम बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई। त्वरित कार्रवाई से उन्हें जूट बैग निर्माण का कार्य शुरू करने और अपनी आजीविका को मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा।
सिलाई मशीन मिलने पर बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशीलता और तेज कार्रवाई ने उनके स्वरोजगार का सपना साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है।

