अपराध
पुलिस का बड़ा प्रहार, 64.80 लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी नैनीताल और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान आरोपी का हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस अब आरोपी से नशे की तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
