Connect with us

अपराध

वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की हत्या कर शव गोमती नदी में फेंका, 14 दिन बाद मिला सुराग

 

 

17 अक्टूबर से लापता थे पूर्व ग्राम प्रधान, हिरासत में लिए गए संदिग्धों की निशानदेही पर नदी किनारे मिला शव

 

बागेश्वर। जिले में वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व ग्राम प्रधान धीरेंद्र परिहार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 17 अक्टूबर से लापता चल रहे धीरेंद्र परिहार का शव गोमती नदी के किनारे बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों की निशानदेही पर शव बरामद किया। इनमें एक महिला भी शामिल है। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

 

पुलिस के अनुसार, संदिग्धों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर नगर के सेम मंदिर वार्ड की सीमा से सटे थुणाई क्षेत्र में गोमती नदी किनारे तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान नदी किनारे शव मिला। पुलिस अब हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

 

धीरेंद्र परिहार के लापता होने के बाद से ही परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। बताया जा रहा है कि वह कई बार बिना बताए घर से निकल जाते थे और कुछ दिनों बाद वापस लौट आते थे। इसी वजह से शुरुआत में परिजनों को उनके लौटने की उम्मीद थी। लेकिन 14 दिन बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने 31 अक्टूबर को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं पर जांच शुरू की। संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और उनकी निशानदेही पर शव तक पहुंचने में सफलता मिली।

 

शव मिलने की सूचना पर उमड़ी भीड़

 

गोमती नदी किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। धीरेंद्र परिहार की हत्या की खबर से अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts