Connect with us

अपराध

भीषण सड़क हादसे ने उजाड़ दिए दो परिवार, ग्राम विकास अधिकारी समेत तीन बहनों का इकलौता भाई भी काल के गाल में समाया

 

 

हल्द्वानी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल; ग्राम विकास अधिकारी के निधन से कालाढूंगी में पसरा मातम

 

हल्द्वानी। सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हल्द्वानी में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में कालाढूंगी निवासी ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट (29) और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित समपुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) शामिल हैं। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे हल्द्वानी के रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि राजीव गुप्ता अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में कालाढूंगी निवासी सौरभ बिष्ट और राजीव गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

तीन बहनों का इकलौता भाई था सौरभ

 

इस हादसे में जान गंवाने वाले सौरभ बिष्ट की मौत ने कालाढूंगी में हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सौरभ तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता कुंदन बिष्ट का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता का साया उठने के बाद मां किसनी देवी ने बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। तीनों बहनों की शादी हो चुकी थी, जबकि सौरभ अभी अविवाहित थे।

 

सौरभ ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाई थी। करीब एक वर्ष पूर्व उनका चयन ग्राम विकास अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती बेतालघाट में थी। सरकारी नौकरी मिलने के बाद परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। मां के बुढ़ापे का सहारा और तीन बहनों के इकलौते भाई सौरभ की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

बेटे की मौत से मां बेसुध, शादी वाले घर में पसरा मातम

 

दूसरी ओर रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता की मौत से उनके परिवार की खुशियां भी मातम में बदल गईं। राजीव अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। परिजनों के मुताबिक भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था, लेकिन राजीव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की असमय मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

पुलिस कर रही हादसे की जांच

 

एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शव मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और दोनों बाइकों की भिड़ंत की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की खबर से कालाढूंगी और रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts