अपराध
दो बाइकों की भिड़ंत में इकलौते बेटे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
दो बाइकों की भिड़ंत में इकलौते बेटे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
**रामनगर में कोसी बैराज के पास देर रात हुआ हादसा, मृतक का साथी गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज**
**रामनगर।** कोसी बैराज के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाला भावेश जोशी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के टेड़ा रोड निवासी भावेश जोशी मंगलवार देर रात अपने दोस्त अमन के साथ बाइक से लखनपुर चुंगी से कोसी बैराज की ओर जा रहा था। इसी दौरान रामनगर निवासी योगेश भी बाइक से कोसी बैराज से लखनपुर चुंगी की तरफ जा रहा था। डिग्री कॉलेज के पास दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने भावेश को मृत घोषित कर दिया। अमन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि योगेश का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि हादसे में घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया था। भावेश के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
## परिवार का इकलौता बेटा था भावेश
भावेश जोशी के पिता दीप जोशी रामनगर के टेड़ा रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं। भावेश परिवार का इकलौता बेटा था और रामनगर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। उसकी एक बहन है। कम उम्र में परिवार के इकलौते बेटे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।