उत्तराखण्ड
रेखा स्वस्थ : दुर्गाष्टमी पर मां भगवती और महादेव की पूजा कर फिर जनसेवा की राह पर लौटीं रेखा आर्य
देहरादून। दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान महादेव और मां भगवती का पूरे विधि-विधान से पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां भगवती और महादेव के आशीर्वाद तथा अपने शुभचिंतकों की दुआओं से वह स्वस्थ होकर एक बार फिर अपनी देवतुल्य जनता की सेवा और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
रेखा आर्य ने अपने संदेश में कहा कि जनसेवा का उनका यह नया सफर सभी के अटूट विश्वास और सहयोग के बिना अधूरा था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वह जिन परिस्थितियों का सामना कर रही हैं, उसमें उन्हें मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार, भारतीय जनता पार्टी की महिला जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों, पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों और सोमेश्वर के कार्यकर्ताओं का भरपूर साथ मिला है।
उन्होंने देश-विदेश में रह रहे अपने सभी शुभचिंतकों के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल समय में मिला लोगों का स्नेह और समर्थन ही उनकी असली ताकत है। रेखा आर्य ने कहा कि सोमेश्वर के साथ-साथ पूरे प्रदेश के विकास और जनता की सेवा के लिए उनका हर पल समर्पित है।
उन्होंने सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह हमेशा उनके स्नेह और विश्वास की ऋणी रहेंगी। दुर्गाष्टमी पर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ जनसेवा के दायित्वों की ओर लौटने का उनका संदेश ऐसे समय में सामने आया है, जब उनके व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी परिस्थितियां सार्वजनिक चर्चा में हैं।