अपराध
बड़ी खबर : इस राज्य के डीजीपी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अपने आवास में मृत मिले, हड़कंप मचा प्रदेश में
अगरतला। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अपने कार्यालय के अंदर मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें कार्यालय के कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा गया। घटना के बाद उन्हें तत्काल गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या की आशंका के साथ मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप भौमिक के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे धनखड़ को अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उनके शरीर में जीवन के कोई संकेत नहीं मिले। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम ने लगभग 48 मिनट तक लगातार सीपीआर (CPR) देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। दोपहर 12:48 बजे उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शरीर पर किसी बाहरी चोट या गर्दन पर निशान के संबंध में भी फिलहाल कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस मुख्यालय पहुंच गए और कार्यालय को सील कर दिया गया। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
त्रिपुरा सरकार की ओर से भी इस घटना पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। डीजीपी अनुराग धनखड़ की अचानक हुई मौत से पुलिस महकमे में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
