अपराध
बेतालघाट आत्महत्या प्रकरण में बड़ा एक्शन, खैरना चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी लाइनहाजिर
बेतालघाट आत्महत्या प्रकरण में बड़ा एक्शन, खैरना चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी लाइनहाजिर
नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में युवक बालम सिंह बिष्ट की आत्महत्या के मामले में उठे सवालों के बीच पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी के निर्देश पर खैरना चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच को निष्पक्ष बनाए रखने और किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट का 28 अप्रैल को खैरना क्षेत्र में वीडियो बनाने के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया था। बताया गया कि पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद शराब के नशे की पुष्टि होने पर पुलिस एक्ट में चालान किया और बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
परिजनों का आरोप है कि घर लौटने से पहले बालम ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार, सिम कार्ड तोड़ने और पांच हजार रुपये छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके कुछ समय बाद उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें पुलिसकर्मियों के व्यवहार का जिक्र किया गया है।
मामले में मृतक की बहन मुन्नी जलाल की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मुन्नी जलाल ने कहा कि परिवार को न्याय चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर समर्थन जताया है। जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य और संजय बोहरा ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव साथ देने का भरोसा दिया।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।
