Connect with us

अपराध

ऑनलाइन नौकरी और निवेश का झांसा देकर 27 लाख की साइबर ठगी, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन नौकरी और निवेश का झांसा देकर 27 लाख की साइबर ठगी, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के एक व्यक्ति से ऑनलाइन निवेश और वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 27.38 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को उत्तराखंड एसटीएफ ने सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनोद के रूप में हुई है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश और ऑनलाइन जॉब नेटवर्क चला रहा था।

 

 

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रेमनगर निवासी पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जुलाई 2025 में व्हाट्सएप पर खुद को “माया शर्मा” बताने वाली महिला ने संपर्क किया और ऑनलाइन काम के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप “डिजिट ट्रेड डाटा ऑपरेशनिन” से जोड़ा गया।

 

 

गिरोह ने शुरुआत में छोटे-छोटे फायदे दिखाकर भरोसा जीता और फिर “डिजिट ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड” नामक कंपनी के जरिए निवेश कराने लगा। आरोपियों ने पीड़ित और उसकी मां के खातों से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 27 लाख 38 हजार 500 रुपये जमा करवा लिए।

 

 

जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से संपर्क किया। जांच के दौरान एसटीएफ ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया, जिसमें आरोपी विनोद की भूमिका सामने आई।

 

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खाते से ठगी की रकम में से करीब आठ लाख रुपये चेक के माध्यम से निकाले जाने के साक्ष्य मिले हैं। एसटीएफ ने आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts