Connect with us

अपराध

भावना पांडे से 25 लाख की ठगी, राहुल गांधी का पीए बनकर आरोपी ने दिया कांग्रेस टिकट का झांसा

भावना पांडे से 25 लाख की ठगी, राहुल गांधी का पीए बनकर आरोपी ने दिया कांग्रेस टिकट का झांसा

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस से जुड़ा एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें खुद को राहुल गांधी का पीए बताने वाले शातिर ने भावना पांडे नाम की महिला से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता भावना पांडेय ने देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने फोन पर संपर्क कर खुद को राहुल गांधी का पीए ‘कनिष्क’ बताया और कांग्रेस से टिकट दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए कथित तौर पर वरिष्ठ नेताओं, जिनमें हरीश रावत का नाम भी शामिल है, की आवाज सुनाकर महिला को अपने झांसे में ले लिया।

आरोपी ने भावना पांडेय को बताया कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में ठहरे हुए हैं और विधानसभा सर्वे का काम चल रहा है। उसने यह भी कहा कि वह अपने प्रभाव से उन्हें कांग्रेस का टिकट दिला सकता है, लेकिन इसके लिए खर्चा आएगा। झांसे में आकर महिला ने 13 अप्रैल 2026 को अपने बैंक खाते से करीब 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और लगभग 5 लाख रुपये नकद दिए।

इतना ही नहीं, आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति को अपना सहयोगी बताते हुए उसे महाराष्ट्र का विधायक बताया और अलग-अलग किस्तों में महिला से कुल मिलाकर करीब 25 लाख रुपये ले लिए। लंबे समय तक जब टिकट नहीं मिला और आरोपी टालमटोल करता रहा, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। इसके बाद भावना पांडेय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करता है।

पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts