उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में 29-30 अप्रैल को राज्य स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह, तैयारियां तेज
हल्द्वानी में 29-30 अप्रैल को राज्य स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह, तैयारियां तेज
हल्द्वानी— कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में 29 एवं 30 अप्रैल को आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
सोमवार को लाइब्रेरी भवन में वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें उत्तराखण्ड में पहली बार होने जा रहे इस आयोजन पर वरिष्ठ नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया। समिति ने कार्यक्रम में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्णय लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन बर्मा ने बताया कि 29 अप्रैल को सायं 5 बजे मिनी स्टेडियम में वरिष्ठ नागरिक वर्ग की टीमों के बीच वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं 30 अप्रैल को सायं 4 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में सम्मान समारोह होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट सेवा और अनुभव के लिए चयनित वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करेंगे।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए वरिष्ठ नागरिकों के आवागमन के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही सभी वर्गों के वरिष्ठ नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पाण्डे की अध्यक्षता और महासचिव डी.के. पाण्डे के संचालन में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा के साथ विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में समिति के संरक्षक डी.के. बलूटिया, रमेश चन्द्र पाण्डे, डी.के. पंत, दिनेश पंतोला, आनंद सिंह भाकुनी, एल.एम. लोहनी, लीलाधर पाण्डे, विजय तिवारी, श्रीमती मीरा श्रोतिया, मोहन चंद्र बुड़लाकोटी, राजेंद्र सिंह ऐरी, के.के. कबडवाल, ए.डी. डौर्बी, विष्णु सिंह रावत सहित कई सदस्यों ने विचार व्यक्त किए।
