अपराध
गज़ब : बार बंद कराने पहुंची पुलिस, सामने आ गए बड़े साहब जो खुद पार्टी कर रहे थे…
हेडिंग:
बार बंद कराने पहुंची पुलिस, सामने आ गए बड़े अधिकारी जो खुद पार्टी कर रहे थे…
देहरादून। राजधानी में बार संचालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार रात रोमियो लेन स्थित एक बार में देर रात तक नियमों का खुला उल्लंघन होता दिखाई दिया, जहां रात करीब 12:30 बजे तक तेज संगीत के बीच जाम छलकते रहे।
सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बार बंद कराने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन इसी दौरान वहां बड़े साहब साहब भी मौजूद मिल गए। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ बार में पार्टी कर रहे थे। ऐसे में पुलिस टीम के लिए स्थिति असहज हो गई और कार्रवाई प्रभावित होती नजर आई।
मामले की जानकारी मिलने पर कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल खुद सख्ती के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देर रात करीब एक बजे बार बंद कराया और मौके पर मौजूद स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। कप्तान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बार निर्धारित समय सीमा, यानी रात 11 बजे तक ही संचालित किए जाएं और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस ने शहर के अन्य बार और रेस्टोरेंट्स पर भी नजर रखी। सीसीटीवी फुटेज में रात 12:30 बजे तक रोमियो लेन में भीड़भाड़ और गतिविधियां साफ देखी गईं। इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर जाकर सख्ती बरती और नियमों के पालन की चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि बड़े साहब के वहां मौजूद होने की सूचना कप्तान तक पहुंचते ही वह खुद डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। हालांकि तब तक बड़े साहब वहां से निकल चुके थे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी देर रात बार संचालन को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो।
