Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: कक्षा में गिरे 12 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

हल्द्वानी। फतेहपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां कक्षा में पढ़ाई के दौरान 12 वर्षीय छात्र अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा और फिर कभी उठ नहीं सका। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और बच्चों में भय का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर निवासी यह छात्र कक्षा सात में पढ़ता था और बीते तीन दिनों से उसे चक्कर आने की शिकायत थी। परिजनों ने उसका इलाज भी कराया था, लेकिन बुधवार सुबह उसने स्कूल जाने की जिद की। परिवार को यह कतई अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी दिन साबित होगा।

कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा। सहपाठियों के शोर मचाने पर शिक्षक और अन्य स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घबराए परिजन बच्चे को लेकर मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया। हालांकि, जब तक परिजन बच्चे को एसटीएच लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए मजिस्ट्रेट ने पोस्टमार्टम न करने की अनुमति दे दी।

 

अस्पताल परिसर में दिल दहला देने वाला दृश्य देखने को मिला। स्ट्रेचर पर रखे बेटे के शव से लिपटकर मां फूट-फूटकर रोती रही। वह बार-बार बेटे का नाम लेकर उसे उठाने की कोशिश करती रही। एक हाथ से उसके सिर को थामे और दूसरे से चेहरे को सहलाते हुए मां का करुण विलाप हर किसी को भावुक कर गया। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts