Connect with us

Kasturi News

Uncategorized

बारिश और बर्फबारी के चलते फिर शुरू हुई कड़ाके की ठंड, जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

खबर शेयर करें -

उत्तर भारत के पहाड़ों में फिर शुरू हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में पड़ी बारिश ने मौसम को फिर से ठंडा कर दिया है। दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को दिन भर छाए बादलों और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा के साथ हुई हल्की बारिश के चलते तीन फरवरी गुरुवार का दिन पिछले 19 वर्षो में सबसे ठंडा रहा। जबकि 1951 के बाद 71 वर्षो में चौथा सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 14.4 डिग्री दर्ज गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू कश्मीर की तरफ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से पहाड़ों पर जहां बर्फबारी हो रही है। वहीं दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब इत्यादि मैदानी क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश ने ठिठुरन भरे ठंडे दिन के हालात बना दिए हैं। शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 11 और नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को भी तापमान कम ही रहेगा, लेकिन इसके बाद बढ़ने लगेगा।

माता वैष्णो देवी के भवन सहित सभी ऊपरी पहाड़ों पर हिमपात

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को मौसम के मिजाज पूरी तरह बदल गए और माता वैष्णो देवी के भवन सहित सभी उच्चपर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। इससे पूरा प्रदेश फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी कश्मीर के अधिकांश इलाकों में बर्फबारी व बारिश और दोपहर बाद से मौसम में सुधार आने की संभावना जताई है। वहीं, माता वैष्णो देवी के भवन और भैरव घाटी समेत पूरे त्रिकुटा पर्वत पर हुई बर्फबारी का श्रद्धालुओं ने खूब आनंद उठाया।

उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर

उत्तराखंड में जोरदार हिमपात के कारण पहाड़ों में कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जबकि, दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है। मसूरी-नैनीताल समेत तमाम पहाडि़यां बर्फ से लकदक हो गई हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल में भी ताजा हिमपात के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हिमपात के कारण प्रदेश में करीब 120 बसें फंस गई हैं। जबकि 460 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। 642 ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई है।साभार न्यू मीडिया

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized