Connect with us

others

रविदास शोभायात्रा के भंडारे में हिंसा, दो लोगों की मौत, तीन घायल

खबर शेयर करें -

रुड़की। रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के बाद आयोजित भंडारे के दौरान युवकों के दो गुटों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फायरिंग और पथराव की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर क्षेत्र के बिनारसी गांव में रविवार को रविदास शोभायात्रा का आयोजन किया गया था। शोभायात्रा के मंदिर परिसर में समापन के बाद पास ही भंडारा चल रहा था। शाम करीब पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई।

फायरिंग में बिनारसी गांव निवासी आनंद (28) के सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इसी बीच देर रात गांव के ही एक खेत से दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव बरामद हुआ। उसके शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं, जिससे पीट-पीटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा विकास, योगेंद्र और गगन फायरिंग में घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जिले के कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। झबरेड़ा, रुड़की, कलियर और भगवानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से पुलिस फोर्स बुलाकर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।घटना के बाद कुछ उपद्रवियों द्वारा कई दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई और एक स्थान पर आगजनी की कोशिश भी हुई, हालांकि समय रहते ग्रामीणों ने स्थिति संभाल ली। पुलिस और खुफिया विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Continue Reading

संपादक

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in others

Recent Posts

Facebook

Trending Posts