others
वीडियो भी…पाकिस्तान से भवाली लव और लैंड जेहाद का कनेक्शन…!!! पालिका सभासद ने लगाए यहां सनसनीखेज आरोप
- भवाली में उबाल: भाजपा का पालिका कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
- पाकिस्तानी कनेक्शन से लेकर लैंड-लव जिहाद तक लगे संगीन आरोप
- पालिका पर अवैध कब्जों को संरक्षण देने का भी आरोप
- मस्जिद भूमि समेत पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
भवाली। नाबालिग बच्ची से दुराचार के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को भवाली में माहौल पूरी तरह गरमा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए पालिका प्रशासन और एक सभासद पर गंभीर आरोपों की बौछार कर दी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने न सिर्फ पालिका पर मिलीभगत का आरोप लगाया, बल्कि पाकिस्तानी कनेक्शन, लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मुद्दों को उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने आरोप लगाया कि पालिका की शह पर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं और सुनियोजित तरीके से क्षेत्र की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) बदली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक संतुलन से जुड़ा गंभीर विषय है।
भाजपा नेता प्रकाश आर्या ने और भी सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका के एक मौजूदा सभासद के रिश्तेदार पाकिस्तान में रहते हैं और वही सभासद टमट्यूड़ा-रेहड़ क्षेत्र में विशेष समुदाय को बसाने में भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में बनी मस्जिद की भूमि की भी जांच कराने की मांग की और तथाकथित लोगों पर लैंड व लव जिहाद में संलिप्त होने का आरोप लगाया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने जमीनों की खरीद-फरोख्त में पालिका प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध भूमि पर बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए एनओसी बिना पालिका की मिलीभगत के संभव ही नहीं है।
भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने आरोप लगाया कि विशेष समुदाय द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकानों का बाकायदा असेसमेंट तक कर दिया गया है, जो पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
अधिवक्ता शिवांशु जोशी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि अब भी प्रशासन ने आंखें मूंदे रखीं तो मामला और गंभीर रूप ले सकता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के अवैध निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे मामले पर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने सफाई देते हुए बताया कि जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। समिति 15 दिनों के भीतर रेहड़-टमट्यूड़ा क्षेत्र में हुए अवैध निर्माणों पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में मंडल उपाध्यक्ष शुभम कुमार, महामंत्री अमित पांडेय, गौतम मटियाली, राजेंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष कंचन साह, हिमांशु रावत, उज्ज्वल चंद्रा, वैभव आनंद, रेहान, आयुष कुमार, विद्या पढ़ालनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






