Connect with us

others

मुंबई में उत्तराखंड चैलेंजर्स कप– सीजन 10 का भव्य आगाज़ 28 फरवरी से

खबर शेयर करें -

मुंबई की ऐतिहासिक धरती आजाद मैदान पर 28 फरवरी को उत्तराखंड चैलेंजर्स कप – सीजन 10 का भव्य आगाज़ होने जा रहा है। यह आयोजन केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि प्रवासी उत्तराखंडियों के एकजुट उत्साह, संस्कृति और खेल भावना का महापर्व बन चुका है।

उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजकों की ओर से सभी खेल प्रेमियों को सादर आमंत्रण दिया गया है। पहले संस्करण से लेकर दसवें सीजन तक की इस गौरवपूर्ण यात्रा में साथ देने वाले सभी प्रायोजकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आयोजक संस्था ने हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की है। उनका कहना है कि सभी के सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद ने ही इस सपने को हकीकत में बदला है।

इस भव्य आयोजन का जिम्मा मुंबई की पहली उत्तराखंडी संस्था बुरांश यूथ यूनाइटेड ने संभाला है, जो वर्षों से महाराष्ट्र की पुण्यभूमि पर लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन कर प्रवासी समाज को एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है। खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़ने, प्रतिभाओं को निखारने और समाज को संगठित करने का निरंतर प्रयास इस संस्था की पहचान बन चुका है। इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप दिया गया है। उत्तराखंड की आठ प्रवासी पुरुष टीमें दो समूहों में विभाजित होकर कड़ा मुकाबला करेंगी और लीग मैच मुंबई के आजाद मैदान में खेले जाएंगे। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले नवी मुंबई के बेलापुर सिडको मैदान में खेले जाएंगे, जहां दर्शकों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिलेंगे।

इसके साथ ही एक विशेष सेलिब्रिटी मैच भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो आयोजन में चार चांद लगाएगा।

इस बार प्रतियोगिता की खास बात यह है कि आठ प्रवासी महिला टीमें भी मैदान में उतरेंगी, जो महिला सशक्तिकरण और खेल भावना का सशक्त संदेश देंगी। महिला मुकाबले नवी मुंबई के ऐरोली क्रिकेट मैदान में खेले जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि प्रवासी उत्तराखंडी युवा और महिला वर्ग का भरपूर सहयोग ही इस आयोजन को हर वर्ष नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। आयोजनकर्ता बुरांश यूथ यूनाइटेड के साथ गामी ग्रुप, द न्यू इंडिया एश्योरेंस और ट्राइडेंट लॉजिस्टिक प्रायोजक के रूप में जुड़े हैं, जबकि अनमोल बिल्डर, अनमोल प्रोडक्शन, इंडी बिल्डकॉन और समस्त प्रवासी संस्थाएं विशेष सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं।

आयोजकों ने प्रवासी समाज से अपील की है कि वे 28 फरवरी को आजाद मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महाकुंभ का हिस्सा बनें। “जीतेगा भी उत्तराखंडी — जिताएगा भी उत्तराखंडी” के जोशीले नारे के साथ यह आयोजन एक बार फिर प्रवासी समाज की एकता और ऊर्जा का प्रतीक बनने जा रहा है।

Continue Reading

संपादक

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in others

Recent Posts

Facebook

Trending Posts