उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश: शादी के चार दिन बाद ही सिरफिरे आशिक ने नव विवाहिता को गोली मार खुद को भी गोली से उड़ाया

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में हुई सनसनीखेज वारदात में सिरफिरे आशिक ने नवविवाहिता को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की शादी चार दिन पहले हुई थी। कल ही वह ससुराल से मायके आई थी।
मदाफरपुर बाजार की रहने वाली युवती ज्योति वर्मा (22) की शादी चार दिन पहले हुई थी। सोमवार को वह ससुराल से मायके आई थी। भोर में किसी काम से वह घर के बाहर निकली थी कि पहले से घात लगाकर बैठे एक युवक ने उसे गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले तो खून से लथपथ युवती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।

हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवती को गोली मारने के बाद युवक ने कुछ दूर जाकर खुद को भी गोली से उड़ा दिया। युवक की पहचान दिलीपपुर थाना क्षेत्र के पिपरी खालसा निवासी उदयराज वर्मा (26) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। घर वालों ने चार दिन पहले युवती की शादी दूसरे युवक से कर दी थी।
युवती को गोली मारने के बाद युवक ने करीब तीन सौ मीटर दूर जाकर खुद को भी गोली मार ली। गोली उसकी पेट में लगी। मौके पर उसकी मौत हो गई। शव के पास तमंचा भी पड़ा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर गांव में खलबली मची हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
घटना को लेकर परिवार को लोग भी स्तब्ध हैं। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। युवक ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद भागकर खुद को भी गोली मार ली।


