others
दुःखद : हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत
हल्द्वानी/काठगोदाम। शहर में जगह-जगह खोदे गए गड्ढों और बिगड़ी यातायात व्यवस्था के बीच एक दर्दनाक हादसे में 69 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, दमुआढूंगा पनचक्की चौराहे से आगे सुरेश चन्द्र पांडे (69 वर्ष), जो मूल रूप से शान्तिनगर भोटिया पड़ाव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, सोमवार को स्कूटी से पनचक्की चौराहे के पास से दो नहरिया की तरफ जा रहे थे गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह एक कैंटर वाहन के आगे-आगे चल रहे थे।इसी दौरान सड़क पर खुदाई और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण स्कूटी हल्के से कैंटर से टकरा गई। टक्कर के बाद संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर वाहन के पिछले टायरों की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक सुरेश चंद्र पांडे रिटायर्ड कर्मी थे। उनकी दो बेटियां हैं जिनका विवाह हो चुका है। शांति नगर में वह अपनी पत्नी लता पांडे के साथ रहते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं, जिससे सड़कें संकरी हो गई हैं और यातायात प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुदाई कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।






