others
हल्द्वानी: भाजपा में टिकट आजमाश का जोर… कांग्रेस में कहीं नहीं कोई शोर, अभी भाजपा का खेल देख रही कांग्रेस ‘वेट एंड वाच’ की मुद्रा में
![](https://kasturinews.com/wp-content/uploads/2025/01/300x250.jpeg)
मनोज लोहनी, हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम में मेयर की सीट पर क्या मुकाबला इस बार केवल भाजपा नेताओं के बीच होने ही वाला है… हल्द्वानी नगर निगम की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद इस बात को लेकर लोग एक दूसरे से चुहल जरूर कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में पिछले तीन-चार दिन से जो हलचल है उससे नगर निगम चुनाव को लेकर ऐसा महसूस होना लाजिमी भी है। एक तरफ पार्टी में नेताओं की ज्वाइनिंग हो रही है तो दूसरी और दावेदारी के लिए कद्दावर आगे आ रहे हैं और पार्टी में पूरा माहौल बना हुआ है। माहौल ऐसा कि यह लग रहा है जिस भी बंदे के हाथ में पार्टी टिकट रख दे उसकी जीत तय। दूसरी तरफ पार्टी है कांग्रेस जहां अभी ऐसी कोई हलचल कहीं नजर नहीं आ रही है और पार्टी के लोग अंदरूनी तौर पर ही इस मामले में विचार कर आगे कुछ नया करने की सोच रहे हैं ऐसा लोगों को लग रहा है। इस वक्त फिलहाल जो परिदृश्य है उसे यह साफ दिख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर जो खेल चल रहा है कांग्रेस अभी चुपचाप उसे बस देख रही है और कुछ बोल नहीं रही है… अब कांग्रेस वेट एंड वॉच में है और उसे क्या किसी मौके की तलाश है??? यह भविष्य के गर्त में है।
प्रदेश में नगर निगम, पालिका और नगर पंचायत में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट न होने से पहले मामला शांत था। हल्द्वानी में नगर निगम को लेकर बहुत गंभीर स्थिति में अंदरूनी तौर पर काम कर रहे प्रत्याशी इस आशंका में नहीं थे की हल्द्वानी नगर निगम में महापौर की सीट आरक्षित हो जाएगी वह भी अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए। जैसे ही नगर निगम की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुई हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी में हलचल शुरू हो गई। यह बात सामने आने लगी की अन्य पिछड़ा वर्ग का पार्टी के पास अभी कोई उम्मीदवार तो दिखता नहीं है ऐसे में एकाएक व्यापारी नेता नवीन चंद्र वर्मा का नाम सामने आने लगा। मंगलवार को उनके भाजपा ज्वाइन करने की पूरी तैयारी भी हो गई मगर कार्यक्रम टल गया। किसी बीच भाजपा समर्थकों के बीच यह बात आज की तरह फैल गई की मंडी परिषद के पूर्व अध्यक्ष गजराज सिंह बिष्ट भी अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आ रहे हैं। ऐसा मालूम होते ही हल्द्वानी नगर निगम में मेयर की सीट को लेकर एक नया गणित तो शुरू हुआ ही, अचानक राजनीति ने नई करवट ले ली। इधर बुधवार को व्यापारी नेता नवीन चंद्र वर्मा ने भाजपा की सदस्यता ली तो दूसरी तरफ गजराज सिंह बिष्ट के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर उनके चुनाव लड़ने को लेकर हलचल पैदा कर दी। और आज गजराज सिंह बिष्ट ने पार्टी में अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर इस बात को पुख्ता कर दिया कि वह नगर निगम में मेयर का चुनाव तो लड़ेंगे ही पार्टी उन्हें ही टिकट देगी और डॉ. जोगिंदर सिंह रौतेला के बाद वह हल्द्वानी में लगातार भाजपा के दूसरे मेयर बनेंगे। यानी मेयर की राजनीति में इस वक्त सारी खबरें केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी के खेमे में ही नजर आ रही है।
अब क्योंकि भाजपा खेमे में ही हलचल है तो यह भी अपनेआप मैं ज्यादा बड़ी खबर है कि कांग्रेसी पाले में आखिर इतना सन्नाटा क्यों छाया हुआ है। कांग्रेस पार्टी में अन्य पिछड़ा वर्ग की तरफ से अभी तक पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लाल सिंह पवार की ही दावेदारी सामने आई है वह भी सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों द्वारा। खुद लाल सिंह पवार ने भी इस बात को लेकर पुख्ता कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी की ओर से नगर निगम में मेयर का चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। लाल सिंह पवार की इस दावेदारी के अलावा इस वक्त कांग्रेस में मेयर के टिकट को लेकर कहीं भी कोई हलचल नजर नहीं आ रही है। तो कांग्रेस पार्टी के इस सन्नाटे में इस वक्त आने की वजह क्या उसकी वेट एंड वॉच की ही पॉलिसी है??
ऐसा ही है क्योंकि कांग्रेस के नेता अभी भाजपा में टिकट को लेकर अंतिम निर्णय की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ इंदिरा हरदेश के बहुत करीबी माने जाने वाले व्यापारी नेता नवीन चंद्र वर्मा अब चूंकि भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर चुके हैं। तो क्या कांग्रेस भी अब किसी आयातित नेता को पार्टी ज्वाइन कराकर मेयर का चुनाव लड़ाएगी?? ऐसी तो कोई हलचल नहीं दिखती अलबत्ता भविष्य के गर्त में क्या है इस बात पर भी कोई कुछ नहीं कह सकता, इसलिए क्योंकि बाद फिर से कांग्रेस के वेट एंड वॉच पर जा रही है। क्या पता किसे कहां टिकट मिले या न मिले और कौन कहां से कहां चला जाए यह कोई भी बता पाने की स्थिति में नहीं है। कांग्रेस और भाजपा में क्या प्रत्याशियों की अदला-बदली होगी… या फिर मूल रूप से जो कांग्रेसी हैं और मूल रूप से जो भाजपाई हैं उन्हें अपनी ही पार्टी में टिकट मिलेगा… इस बात का इशारा आप शायद बेहतर समझ पा रहे होंगे। आने वाले कल में भले ही जो भी हो मगर इस वक्त हल्द्वानी में नगर निगम मेयर प्रत्याशी को लेकर सुई नवीन वर्मा और गजराज सिंह बिष्ट के बीच ही घूमती दिखाई दे रही है। आगे आगे क्या होता है आपके साथ हम भी यही देखते हैं….।
![](https://kasturinews.com/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2025-01-16-at-5.43.19-PM.jpeg)
![](https://kasturinews.com/wp-content/uploads/2024/09/add1.jpg)
![](https://kasturinews.com/wp-content/uploads/2023/04/KasturiNews_logo_v3.22x.png)