अपराध
हल्द्वानी में चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार; 13 लाख के जेवरात बरामद
हल्द्वानी में चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार; 13 लाख के जेवरात बराम
हल्द्वानी। शहर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी ने 12 मार्च 2026 को थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि वह 2 मार्च से 5 मार्च तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला (अल्मोड़ा) गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ली।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 23/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।
13 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25) निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, काठगोदाम बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से सोने के जेवरात, नगदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
बरामद सामान में दो मंगलसूत्र, दो पौंची, एक नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके, 2250 रुपये नगद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी काठगोदाम थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
घटना के सफल अनावरण पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रविंद्र खाती और कांस्टेबल अरविंद (एसओजी/सर्विलांस) शामिल रहे।