Connect with us

others

10वीं बार शुरू होगा बिहार में नीतीश राज, शपथ ग्रहण में हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री मोदी समेत तमाम मुख्यमंत्री

खबर शेयर करें -

पटना। नीतीश कुमार आज यानी बृहस्पतिवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद नीतीश ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया और नए सिरे से सरकार गठन का दावा पेश किया।नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली इस सरकार में अधिकांश पुराने चेहरे ही नजर आ सकते हैं।

भाजपा ने अपने विधायक दल का नेता सम्राट चौधरी और उप नेता विजय कुमार सिन्हा को चुना है जिससे इन दोनों के बतौर उपमुख्यमंत्री शपथ लेने की बात तय लग रही है। इसके अलावा मंत्रियों में भाजपा बहुत अधिक बदलाव करने के मूड में नहीं है।

मंत्रिमंडल में नए चेहरे चिराग पासवान की लोजपा(आर), उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो और जीतन राम मांझी की हम से ही नजर आएंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नीतीश सरकार के शपथ ग्रहण की सारी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत राजग के सभी घटकों के प्रमुखों, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में यह राजग के लिए शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मौका होगा। इससे पहले, बुधवार को नीतीश कुमार को राजग विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से फिर नेता चुना गया।

जदयू विधायक विजय चौधरी ने नीतीश को नेता चुनने का प्रस्ताव रखा और भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने अनुमोदन किया। बाद में राजग के अन्य दलों के विधायकों ने भी इसका समर्थन किया। नेता चुने जाने के बाद नीतीश राज्यपाल से मिलने पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, राजीव रंजन सिंह और धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आदि भी मौजूद थे।

पर्यवेक्षकों ने की नाम की घोषणा

राजग विधायक दल की बैठक से पहले जदयू और भाजपा के विधायक दलों की भी बैठक हुई। जदयू की बैठक में जहां नीतीश कुमार को नेता चुना गया वहीं भाजपा की बैठक में एक बार फिर से सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया। इस दौरान भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य और सह पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजना ज्योति भी मौजूद थीं। बैठक के बाद मौर्य ने फैसले की घोषणा की और बताया कि दोनों नेताओं का चयन सर्वसम्मति से हुआ है। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने खुद पर भरोसा जताने के लिए केंद्रीय नेतृत्व व विधायकों को धन्यवाद दिया।

शपथ समारोह में ये होंगे विशिष्ट अतिथि

नई सरकार का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत एनडीए के सभी घटकों के प्रमुखों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। अमित शाह पटना पहुंच चुके हैं और कैबिनेट को लेकर उन्होंने नीतीश के साथ चर्चा की है।

Continue Reading

संपादक

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in others

Recent Posts

Facebook

Trending Posts

You cannot copy content of this page