others
हल्द्वानी में करोड़ों की महाठगी का पर्दाफाश, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि भोले-भाले लोगों को अधिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर 6 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सहकारिता के नाम पर रची गई ठगी की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में अभियुक्तों ने “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम से संस्था खोलकर हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में शाखाएं संचालित कीं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों के हजारों लोगों से निवेश कराया गया।संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों की गाढ़ी कमाई हड़प ली और फरार हो गए।
एक साल बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस
कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 (धारा 409 आईपीसी) के तहत लंबे समय से लंबित मामले में एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ समेत कई स्थानों पर दबिश के बाद 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
बैंक खातों में करोड़ों का लेन-देन
जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में₹2 करोड़ 26 लाख₹4 करोड़ 58 लाखके बड़े लेन-देन का खुलासा हुआ है। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं, वहीं न्यायालय से वारंट और कुर्की के आदेश भी प्राप्त कर लिए गए हैं।
और गिरफ्तारियां जल्द
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में और लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है। जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
गिरफ्तार आरोपी
हेमचंद पंत (45 वर्ष) — निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी
विकास दुर्गापाल — निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी
एसएसपी की जनता से अपील
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आम जनता से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस टीम को नकद इनामइस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को ₹2500 नकद इनाम देने की घोषणा की है।






