others
पूर्व राज्यपाल कोश्यारी ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को दी श्रद्धांजलि, मुंबई स्थित आवास पर पहुंचकर जताई शोक संवेदना
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री अजीत पवार जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर वे मुंबई स्थित उनके आवास पर पहुंचे और दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी प्रकट कीं।

कोश्यारी ने कहा कि स्वर्गीय अजीत पवार जी का सम्पूर्ण जीवन जनसेवा, मजबूत नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव आमजन के कल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा अपने कार्यों से समाज में विशिष्ट पहचान बनाई। इस दौरान श्री भगत सिंह कोश्यारी ने उनकी धर्मपत्नी एवं उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा अजीत पवार जी तथा अन्य परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अजीत पवार जी के संकल्प, विचार और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए समाजहित के कार्यों को नई दिशा मिलती रहेगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवारजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करें। श्री कोश्यारी के साथ आलोक सत्याल भी उपस्थित थे।






