Connect with us

अंतर्राष्ट्रीय

यूके में हिरासत में रामनगर के कैप्टन अजय पंत से भारतीय उच्चायोग ने की बात, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

 

यूके में हिरासत में कैप्टन अजय पंत से भारतीय उच्चायोग ने की बात, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

देहरादून। यूनाइटेड किंगडम में न्यायिक हिरासत में रखे गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारतीय उच्चायोग लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के क्रम में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने मामले की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराई है।

उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून 2026 को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क किया। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया और कहा कि उन्हें जेल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका अपनी पत्नी से नियमित संपर्क बना हुआ है।

भारतीय उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि इस मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता मिल सके और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य व अधिकारों का पूरा संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

उच्चायोग के अनुसार कैप्टन पंत को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। उच्चायोग ने भरोसा दिलाया है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता निरंतर उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय तथा भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करते हुए कैप्टन अजय पंत को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

Continue Reading

More in अंतर्राष्ट्रीय

Recent Posts

Facebook

Trending Posts