उत्तराखण्ड
हल्द्वानी डबल मर्डर: अक्कू ठाकुर 2020 में रखा कदम अपराध में और अब डबल मर्डर तक सफर…अपराध की परतें खुलीं, दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया
हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। मामले में नामजद गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर और उसके साथी दीपेश लटवाल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया तो दोनों के खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज पाए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 25 वर्षीय गौरव नेगी का नाम वर्ष 2020 में पहली बार आपराधिक मामले में सामने आया था। उस समय उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और गाली-गलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद वह लगातार विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा। उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में भी मामले दर्ज हैं। चार वर्ष पूर्व उसे गैंगस्टर घोषित किया गया था। वर्ष 2022 उसके लिए सबसे ज्यादा सक्रिय रहा, जब उसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हुए।
वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड निवासी गौरव का अधिकांश आपराधिक रिकॉर्ड हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा रहा है। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद भी उसने आपराधिक गतिविधियां नहीं छोड़ीं। पुलिस का कहना है कि वह क्षेत्र में दबदबा बनाने की कोशिश में लगातार वारदातों में शामिल रहता था।
दूसरी ओर, दीपेश लटवाल, जो मुखानी थाना क्षेत्र के उत्तरांचल विहार का निवासी है, का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद 2023 में घर में घुसकर मारपीट के मामले में भी उसका नाम सामने आया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।
डबल मर्डर की घटना के बाद पुलिस दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि और आपसी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है।






