others
वन्य जीव हमले में महिला की मौत वन विभाग की घोर असफलता और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियताका परिणाम
नीरज तिवारी ने फतेहपुर में बाघ हमले को लेकर वन विभाग पर साधा निशाना
हल्द्वानी। फतेहपुर क्षेत्र के गांधी आश्रम के समीप ग्राम पीपल पोखरा नंबर एक निवासी श्रीमती गंगा देवी (पत्नी श्री प्रेम भारती) की बाघ के हमले में हुई दर्दनाक मृत्यु को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने वन विभाग और सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना को अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।नीरज तिवारी ने कहा कि यह केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं, बल्कि वन विभाग की घोर असफलता और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इसी वन क्षेत्र में बाघ/गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन विभाग ने कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार गतिविधियों की सूचनाएं मिलने के बावजूद प्रभावी गश्त, सुदृढ़ निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित नहीं किए गए। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो संभवतः एक और परिवार को उजड़ने से बचाया जा सकता था।

कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर गश्त बढ़ाई जाए तथा आदमखोर/खूंखार घोषित किए जाने योग्य तेंदुए या गुलदार के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पकड़ने या मार गिराने का आदेश शीघ्र जारी किया जाए।
नीरज तिवारी ने कहा कि जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सरकार और संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ ठोस एवं स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।






