others
चतुर बोरा बने उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने युवा कार्यकर्ता चतुर बोरा को उत्तराखंड राज्य किसान आयोग का सदस्य नामित किया है। इस मनोनयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।
चतुर बोरा ने इस अवसर पर प्रदेश के माननीय युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, डॉ. अनिल डब्बू, प्रदेश अध्यक्ष, माननीय सांसद तथा जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान आयोग के माध्यम से प्रदेश के किसानों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई-भाबर तक के किसानों को अलग-अलग चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। फसल का उचित मूल्य न मिलना, जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान, सिंचाई की कमी, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं खाद की उपलब्धता, विपणन व्यवस्था की दिक्कतें और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति जैसी समस्याएं किसानों के सामने प्रमुख रूप से मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि किसान आयोग किसानों, कृषि विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर सुझाव एकत्र करेगा और उन्हें ठोस प्रस्ताव के रूप में सरकार के समक्ष रखेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने आगे कहा कि किसान आयोग केवल समस्याएं गिनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान, नई तकनीकों के प्रसार, जैविक खेती को बढ़ावा देने, उत्पादों के बेहतर विपणन, मूल्य संवर्धन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
युवा मोर्चा में निभाई कई अहम जिम्मेदारियां
चतुर बोरा भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा में सक्रिय रहे हैं और संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और जमीनी जुड़ाव को देखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि उनके अनुभव का लाभ किसानों और प्रदेश की कृषि नीतियों को मजबूती देने में मिलेगा।






