others
दुःखद: हल्द्वानी में व्यापारी नेता सेठी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
हल्द्वानी। प्रतिष्ठित व्यापारी नेता अमरजीत सिंह सेठी (72) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। बुधवार रात सीने में दर्द होने पर उन्हें निजी अस्पताल भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार शाम उनके निधन की खबर से व्यापारियों में शोक की लहर छा गई। वह अपने पीछे पुत्र-पुत्री समेत भरा परिवार छोड़ गए। शुक्रवार सुबह 11 बजे राजपुरा स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा।
कोहली गार्डन, सुभाषनगर निवासी अमरजीत सिंह सेठी बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष और प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के संरक्षक रहने के साथ ही सेठी हल्द्वानी गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष भी रहे। वह सामाजिक कार्यों में भी बढ़चढ़कर भागीदारी करते रहे। ट्रांसपोर्ट नगर के वरिष्ठ व्यापारी प्रदीप सबरवाल, हाजी नफीस, खीमानंद शर्मा, रमन भसीन, गुरप्रीत सिंह चड्ढा समेत कई व्यापारियों ने उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, हर्षवर्धन पांडे आदि ने उनके निधन पर दुख जताया है।

