others
बड़ी खबर : हल्द्वानी डबल मर्डर में युवक युवती की शिनाख्त, बीएससी की छात्रा, युवक बागेश्वर का
गल्ला मंडी दोहरा हत्याकांड: युवक-युवती के सिर पत्थर से कुचलकर हत्या, पुलिस ने गठित की विशेष जांच टीम
हल्द्वानी। गल्ला मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रथम दृष्टया मामला बेहद क्रूरता से अंजाम दी गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिस तरीके से युवक और युवती के सिर भारी पत्थर से कुचले गए हैं, उससे आशंका जताई जा रही है कि या तो किसी से गहरी रंजिश थी अथवा किसी बात का बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
मौके पर दोनों शवों के पास एक बड़ा और वजनी पत्थर पड़ा मिला, जिस पर खून के स्पष्ट निशान दिखाई दिए। आशंका है कि इसी पत्थर से दोनों के सिर कुचले गए। फॉरेंसिक टीम ने पत्थर को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है। शवों की हालत इतनी गंभीर थी कि चेहरों से पहचान कर पाना संभव नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित सैनी तथा हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंडी परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। उसकी जेब से पुलिस को आधार कार्ड मिला, जिसमें जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 अंकित है। आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त सुनिश्चित की। बताया जा रहा है कि युवक मूल रूप से बागेश्वर जिले का रहने वाला था। वहीं मृतका की पहचान लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया, निवासी पोखरी ओखलकांडा के रूप में हुई है। मृतका के भाई सुरेश चंद्र पोखरिया ने कोतवाली पहुंचकर बहन की हत्या की तहरीर पुलिस को सौंपी है। लक्ष्मी कांडा ब्लॉक की रहने वाली 22 वर्षीय बीएससी की छात्रा थी।
पुलिस मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से हत्या के समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है। टीम विभिन्न पहलुओं—आपसी संबंध, संभावित रंजिश, कॉल डिटेल और घटनास्थल के वैज्ञानिक साक्ष्यों—की गहनता से जांच कर रही है।दोहरे हत्याकांड की यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। जिस निर्ममता से वारदात को अंजाम दिया गया, उसने लोगों में आक्रोश और भय दोनों पैदा कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।






